Gumla: गुमला जिले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों की मौत के मामलों से इलाके में सनसनी फैल गई. इन घटनाओं में दो पुरुष और एक युवती की जान गई.पुलिस ने तीनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
चंदाली गांव में 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत
सदर थाना क्षेत्र के चंदाली गांव निवासी 53 वर्षीय चरण मिंज अपने घर में मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों के अनुसार, सुबह घर लौटने पर घटना की जानकारी मिली.
घरेलू विवाद के बाद व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
पालकोट थाना क्षेत्र के अलंकेरा गांव निवासी 47 वर्षीय गुंदुर उरांव की कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, घटना से पहले उनका घरेलू विवाद हुआ था. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
20 वर्षीय युवती घर में मृत मिली
सदर थाना क्षेत्र के कोटाम बेहरा टोली गांव में 20 वर्षीय नीला कुमारी घर में मृत मिली.घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
तीनों मामलों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
