Giridih: जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया है. लेदा निवासी यशोदा देवी ने सिंदवरिया पंचायत के कंदाडाबर निवासी रवि कुमार वर्मा समेत कई लोगों पर उनका घर तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है.
रात में घर तोड़ने का आरोप
यशोदा देवी के अनुसार, वह पिछले तीन महीनों से विवादित जमीन पर अपना घर निर्माण करा रही थीं. इसी बीच बीते दिनों रात करीब 9 बजे रवि कुमार वर्मा अपने सहयोगियों . बैजनाथ वर्मा, भुनेश्वर महतो, सुनील कुमार वर्मा, दशरथ महतो, सुमन देवी और पिंकी देवी के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर की मदद से उनके निर्माणाधीन घर को ध्वस्त कर दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया.
पुराना है जमीन विवाद
पीड़िता ने बताया कि उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा है. इस मामले को सुलझाने के लिए पंचायत स्तर पर कई बार बैठक भी आयोजित की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका. घटना के बाद यशोदा देवी ने मुफस्सिल थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
Also Read: पाकुड़ में 9 अपराधियों पर निगरानी प्रक्रिया शुरू, पुलिस की बढ़ी सख्ती
दूसरे पक्ष ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, दूसरे पक्ष के रवि कुमार वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि विवादित जमीन उनके पूर्वजों की है और यशोदा देवी व उनके पति जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. उन्होंने घर तोड़े जाने के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि विपक्षी पक्ष ने स्वयं ही घर को नुकसान पहुंचाया है.
पुलिस कर रही है जांच
इधर, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि यशोदा देवी के द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल कर रही है. दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा स्थल का भी निरीक्षण किया जाएगा. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
स्थिति सामान्य, लेकिन तनाव बरकरार
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
