Gumla: जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सख्त हो गया है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो के कड़े निर्देशानुसार, नवनियुक्त जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) सत्येंद्र महतो ने विभाग की एक विशेष जांच टीम का गठन करते हुए मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) को जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया है.

वन जांच नाका पर एमवीआई ने की सघन चेकिंग
डीटीओ सतेन्दर महतो के इसी निर्देश के आलोक में बुधवार को एमवीआई रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप तिर्की के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा विभाग की टीम ने पालकोट स्थित वन जांच नाका (फॉरेस्ट चेक पोस्ट) के समीप मोर्चा संभाला और विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया.
बिना हेलमेट वालों की लगी क्लास, दी गई चेतावनी
इस अभियान के दौरान टीम ने मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की जांच की. जांच में कई वाहन चालक बिना हेलमेट के और यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए पाए गए. हालांकि, टीम ने आज चालकों का चालान काटने के बजाय उन्हें रोककर सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया. अधिकारियों ने ऐसे सभी चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए छोड़ा, कि आज का यह अभियान केवल जागरूकता के लिए है, लेकिन अगली बार यदि कोई भी बिना हेलमेट या कागजात के पकड़ा गया, तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत भारी जुर्माना (चालान) वसूला जाएगा.
घर से दोपहिया वाहन पर निकलते ही हेलमेट जरूर लगाएं
चेकिंग के दौरान एमवीआई रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप तिर्की ने चालकों को समझाते हुए कड़ा संदेश दिया, कि “जिंदगी जरूरी है, तो हेलमेट जरूर पहनें.” अधिकारियों ने चालकों को जागरूक करते हुए कहा, कि हेलमेट केवल पुलिस या जुर्माने से बचने का साधन नहीं है, बल्कि दुर्घटना के समय यह सिर को गंभीर चोटों से बचाकर जीवन की रक्षा करता है. आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपके पूरे परिवार को संकट में डाल सकती है, इसलिए घर से दोपहिया वाहन पर निकलते ही हेलमेट जरूर लगाएं. दोपहिया वाहन पर हमेशा दोनों सवारों को हेलमेट पहनना चाहिए और गति सीमा के भीतर ही सुरक्षित ड्राइविंग करनी चाहिए.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है, कि उपायुक्त के निर्देश पर गठित यह टीम आने वाले दिनों में गुमला जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगातार इसी प्रकार का औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाएगी.
यह भी पढ़ें: रांची: लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या, अभियुक्त गिरफ्तार
