Ranchi: राजधानी रांची में जमीन माफिया के द्वारा कांके अंचल के सुकुरहुटू व गारू मौजा के रजिस्टर टू के ऑनलाइन रिकॉर्ड में फर्जी तरीके से जमीन का जमाबंदी करवाने का मामला सामने आया है. ऑनलाइन रिकॉर्ड में हेरफेर करने के इस मामले को लेकर कांके सीओ कार्यालय के द्वारा साइबर थाने में कांके सीओ अमित भगत ने प्राथमिकी दर्ज करवायी है. प्राथमिकी की जानकारी भू-अर्जन , भू-अभिलेख एवं परिमाप निेदेशालय, राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के उप निदेशक कार्यालय को भी दी गयी है.
क्या है पूरा मामला
कांके अंचल क्षेत्र में ऑनलाइन भूमि अभिलेखों से छेड़छाड कर जमाबंदी कायम किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कांके अंचल अधिकारी अमित भगत के शिकायत के बाद निदेशालय ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जानकारी के अनुसार, कांके अंचल के मौजा सुकुरहूटू (थाना संख्या-154) एवं मौजा गारू (थाना संख्या-153) की भूमि से संबंधित ऑनलाइन पंजी-2 में अनधिकृत एवं अवैध तरीके से जमाबंदी कायम कर दी गई. जांच में यह भी पता चला कि मौज़ा गारू में जमीन का म्यूटेशन कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर, नामांतरण वाद संख्या 10651/2025-26 और 10652/2025-26 के जरिए किया गया था.

कई लोग राडार पर
सीओ ऑफिस के द्वारा प्राथमिक जांच में रैयतों, उत्तराधिकारियों तथा झारभूमि पोर्टल के संचालन से जुड़े सॉफ्टवेयर डेवलपर और अन्य संबंधित कर्मियों की भूमिका संदिग्ध मानी गई है. आशंका जताई गई है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में हेर-फेर कर अवैध जमाबंदी कायम करने में मिलीभगत की गई. अंचल अधिकारी ने आवेदन में साइबर थाना से अनुरोध किया है कि इस मामले में रैयतों, उत्तराधिकारियों के साथ-साथ झारभूमि पोर्टल के शुरुआत से अब तक कार्यरत सभी संबंधित कर्मियों को जांच के दायरे में लाते हुए दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए.


