Ranchi: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है. झारखंड प्रभारी के. राजू ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि विपक्षी दल भाजपा द्वारा अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में मतदाता सूची से नाम कटवाने का कोई भी षड्यंत्र कामयाब नहीं होने दिया जाएगा. कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता लोकतंत्र के इस सबसे बड़े अधिकार की रक्षा के लिए ढाल बनकर खड़ा रहेगा. सोमवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया, कम्युनिकेशन और सोशल मीडिया विभागों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में के. राजू ने संगठन की तैयारियों की न सिर्फ नब्ज टटोली, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर तीखे और स्पष्ट निर्देश भी जारी किए.
यह भी पढ़ें: कैबिनेट की बैठक कल, लिए जाएंगे अहम निर्णय
दूसरे राज्यों की तरह झारखंड में नहीं चलने देंगे साजिश
झारखंड प्रभारी के. राजू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में सुनियोजित साजिश के तहत मतदाता सूचियों से पात्र नागरिकों के नाम कटवाने का घृणित प्रयास किया है. अब ठीक वैसी ही ओछी कोशिश झारखंड में भी की जा रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी. कांग्रेस पार्टी का यह स्पष्ट और अटल संकल्प है कि किसी भी योग्य और पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार बिना किसी वैध और उचित कारण के छिनने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने पार्टी के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे इस पूरी प्रक्रिया पर अपनी पैनी नजर बनाए रखें, ताकि एक भी वैध मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो सके.
झारखंड में 21 हजार से ज्यादा बूथ लेवल एजेंट तैनात
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर कितनी संजीदा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि झारखंड में कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने सबसे मजबूत तैयारी की है. राज्यभर में कांग्रेस ने 21 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए हैं. जमीनी स्तर पर तैनात यह फौज पूरी तरह सजग, सक्रिय और मुस्तैद है. बूथ स्तर की यह मजबूती ही भाजपा के किसी भी षड्यंत्र को विफल करने के लिए काफी है.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा: भाजपा जिलाध्यक्ष के घर छापेमारी, प्रतुल शाहदेव बोले- राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई
युवाओं को मताधिकार देने वाली कांग्रेस अब उनकी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध
के. राजू ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी के ऐतिहासिक फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाने का श्रेय एकमात्र कांग्रेस पार्टी को जाता है. उन्होंने याद दिलाया कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच के कारण ही मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई थी. जिस पार्टी ने देश के युवाओं और नागरिकों को उनका यह सबसे बड़ा अधिकार दिलाया है, उसी कांग्रेस का यह नैतिक और राजनीतिक दायित्व है कि वह हर एक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करे.
जनता तक पहुंचे कांग्रेस का पक्ष
प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने जानकारी दी कि झारखंड प्रभारी के. राजू ने मीडिया और सोशल मीडिया विभाग को विशेष निर्देश दिए हैं. कहा कि विभाग के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसआईआर से जुड़े तमाम पुख्ता तथ्यों और कांग्रेस पार्टी के मजबूत पक्ष को अधिक से अधिक जनमानस तक आक्रामक और प्रभावी ढंग से पहुंचाएं. इसके अलावा, संगठन की कार्यशैली को और अधिक अनुशासित व परिणाममूलक बनाने के लिए प्रत्येक माह की 3 तारीख को मीडिया एंड कम्युनिकेशन विभाग की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया है.
