Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत योगियाटिल्हा के ग्राम बागोडीह गांव में रविवार की रात चोरों ने जमकर आतंक मचाया. बेखौफ चोरों ने एक के बाद एक चार घरों का ताला तोड़कर नगदी, जेवरात और पीतल-कांसा के बर्तन समेत हजारों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
पुलिस मामलों की जांच में जुट गयी है
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. बताया जाता है कि दुर्गी राम अपने नए घर में सोए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये मूल्य के पीतल-कांसा के बर्तन चोरी कर लिए. इसके बाद चोरों ने श्याम सुंदर राम के घर को निशाना बनाया, जहां से चांदी की पायल, सोने का फूल, कान के आभूषण, बर्तन और लगभग दस हजार रुपये नगद समेत करीब पचास हजार रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए. चोरों ने कलवा देवी के घर में भी सेंध लगाई और एक कमरे का ताला तोड़कर लगभग बीस हजार रुपये मूल्य के पीतल-कांसा के बर्तन उड़ा ले गए. वहीं प्रयाग यादव के परिवार के लोग गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे. इसका फायदा उठाकर चोर नीचे कमरे का ताला तोड़कर करीब नौ हजार रुपये मूल्य के बर्तन चोरी कर ले गए. एक ही रात में चार घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे लगातार आबादी वाले इलाकों को निशाना बना रहे हैं. घटना की सूचना पर सोमवार सुबह एसआई केडी प्रसाद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से पूछताछ की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

