Koderma: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन कोडरमा जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जा रहा है. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष एवं उप विकास आयुक्त रवि जैन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया.
प्रमुख परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जे.जे. कॉलेज, कॉमर्स इंटर कॉलेज, सेक्रेड हार्ट स्कूल तथा सी.एच. प्लस टू उच्च विद्यालय, कोडरमा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त गश्ती दल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, परीक्षा ऑब्जर्वर, उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों तथा महिला पुलिस बल सहित सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया.
कदाचार पर सख्ती बरतने के निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार को रोकने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामरतन वर्णवाल सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
ALSO READ: रांची: सावन की तैयारियों का जायजा लेने पहाड़ी मंदिर पहुंचे DC मंजूनाथ भजन्त्री
