Ranchi: रांची में सावन माह के दौरान पहाड़ी बाबा मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है. आज उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन शुरू होने से पहले सभी काम हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मंदिर तक जाने वाली सीढ़ियों, शौचालय, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और रास्तों पर बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. साथ ही भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
यह भी पढ़ें: झारखंड में मानसून एक्टिव: झमाझम बारिश के आसार, फिर भी 37 फीसदी कम बारिश

DC की अपील- पूजा में शीशे की वस्तुओं का इस्तेमाल न करें
इस बार प्रशासन ने सावन को लेकर एक अहम फैसला भी लिया है. पहाड़ी मंदिर परिसर में शीशे की किसी भी तरह की पूजन सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा में शीशे की वस्तुओं का इस्तेमाल न करें. वहीं दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया कि वे शीशे में कोई भी पूजन सामग्री न बेचें. निरीक्षण के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और रांचीवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने और किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए. इस दौरान प्रशासन, पुलिस, रांची नगर निगम और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: NEET-2026 : सरकारी स्कूलों के छात्रों ने दिखाया दम, आकांक्षा योजना के 17 विद्यार्थियों को मिली सफलता
