Latehar: कांग्रेस पार्टी द्वारा आगामी 21 मई को लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित फुटबॉल मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अगले कार्यक्रम की तिथि के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है. इस संबंध में निर्णय लातेहार के चंदवा स्थित मयूर होटल में आयोजित कांग्रेस पार्टी की कार्यकारिणी बैठक में लिया गया. बैठक में कार्यक्रम स्थल का भी चयन किया गया तथा आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश. पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू. पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू. लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव. मनिका विधायक रामचंद्र सिंह. अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी एवं कांग्रेस नेता अरुण साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बैठक स्थल पर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया.

धीरज साहू ने उठाया OBC आरक्षण का मुद्दा
बैठक के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि राज्य में ओबीसी वर्ग को अब तक अपेक्षित आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया है. जिसके कारण समाज के लोगों में नाराजगी है. उन्होंने कहा कि अब इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन चलाने की आवश्यकता है ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके और ओबीसी समाज को उनका अधिकार मिल सके. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की.
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन मजबूती पर दिया जोर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा समाज के सभी वर्गों की आवाज उठाती रही है. उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम स्थगन पर क्या बोले प्रदीप बलमुचू
पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू ने 21 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम के स्थगन को लेकर कहा कि पार्टी चाहती है कि कार्यक्रम को और भव्य बनाया जाए. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम सुनिश्चित हो जाता है. तो इसका प्रभाव और अधिक व्यापक होगा. इसी को ध्यान में रखते हुए फिलहाल कार्यक्रम को स्थगित किया गया है. उन्होंने कहा कि नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी और कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहने को कहा गया है.
रामेश्वर उरांव ने जनता के मुद्दों पर संघर्ष की बात कही
लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देती रही है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से पार्टी लगातार मजबूत हो रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी झारखंड के विभिन्न जिलों में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी. जिसमें जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा.
रामचंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
वहीं मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं.
आगामी रणनीति पर भी हुई चर्चा
बैठक में विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल. जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव. प्रखंड अध्यक्ष असगर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे. बैठक के दौरान आगामी राजनीतिक रणनीति. संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा की गई. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और आने वाले दिनों में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
