Ranchi: राज्य में मानसून फिलहाल पूरी तरह मेहरबान है. बंगाल की खाड़ी से आ रहे नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव और राज्य के ऊपर बने मौसमी सिस्टम के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. कुछ इलाकों में तो भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया. वर्तमान में मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर से लेकर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जो रांची के ऊपर से होकर गुजर रही है. इसके अलावा, उत्तरी झारखंड और उससे सटे बिहार के हिस्सों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इन मौसमी कारकों के कारण राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके अगले तीन दिनों में पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
- 19 जुलाई: राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य (धनबाद) और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.
- 20 जुलाई: राज्य के मध्य (हजारीबाग, रामगढ़, रांची एवं लोहरदगा) और उत्तर-पश्चिमी (चतरा एवं लातेहार) भागों में भारी बारिश हो सकती है.
- 21 जुलाई: राज्य के मध्य (रांची, खूंटी, गुमला एवं लोहरदगा) और उत्तर-पश्चिमी (लातेहार) हिस्सों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं.
- राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ वज्रपात (ठनका गिरने) और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना बनी हुई है.
रांची में कैसा रहेगा मौसम का हाल
राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में भी मानसून का व्यापक असर देखने को मिलेगा. अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है.
पिछले 24 घंटों का रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश 76.8 मिलीमीटर धनबाद के राजदह में दर्ज की गई. वहीं, सरायकेला में राज्य का उच्चतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
ALSO READ: हजारीबाग : तबादला हुआ, लेकिन कुर्सी नहीं छूटी ! 15 दिन बाद भी पुराने दफ्तरों में जमे हैं बाबू
आमजन के लिए सुझाव
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से अपील की है कि वे पेड़ के नीचे न रुकें और गर्जन के समय खुले स्थानों में जाने से बचें. खेती से जुड़े किसानों को सलाह दी गई है कि वे तेज हवा और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. राज्य में 25 जुलाई तक बारिश का यह दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे खेतों में हरियाली बनी रहेगी और जलस्तर में सुधार होगा.
