Ranchi: रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठने जा रहा है. करीब एक वर्ष बाद आयोजित होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में विश्वविद्यालय के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी. कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के लिए 27 एजेंडे तय किए गए हैं. बैठक में सबसे अधिक फोकस नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत और शैक्षणिक ढांचे को आधुनिक बनाने पर रहेगा. विश्वविद्यालय बदलती जरूरतों और रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए कई नए कोर्स शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इसके साथ ही विभिन्न विभागों के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा, ताकि शिक्षण और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके. नई शिक्षा नीति-2020 के तहत पाठ्यक्रमों में सुधार, बहुविषयक अध्ययन को बढ़ावा देने और कौशल विकास आधारित शिक्षा को मजबूत करने पर भी विचार किया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन बदलावों से छात्रों को प्रतिस्पर्धी माहौल में बेहतर अवसर मिल सकेंगे.
यह भी पढें: रांची में जनता दरबार बना राहत का मंच, एक दिन में 827 मामलों का निपटारा
मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल
एकेडमिक काउंसिल के एजेंडे में मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल हैं. रिनपास और सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी) में नए कोर्स शुरू करने पर चर्चा होगी. इससे मनोविज्ञान और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रशिक्षित पेशेवर तैयार करने में मदद मिलेगी. बैठक में विश्वविद्यालय के अंकपत्र, डिग्री और अन्य प्रमाण-पत्रों को नए स्वरूप में जारी करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा. प्रशासन इन्हें अधिक सुरक्षित, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की योजना पर काम कर रहा है.
यह भी पढें: कांग्रेस के हाई-प्रोफाइल पहरेदार: के. राजू और श्रीबेला प्रसाद होंगे पोलिंग एजेंट



