Palamu: डाल्टनगंज के गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल, रांची रोड में आयोजित पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शूटिंग रेंज पर लक्ष्य पर फायर कर किया. उनके उद्घाटन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत आगाज हुआ. इस दौरान खिलाड़ियों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया.
एसपी कपिल चौधरी बने संघ के संरक्षक
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से एसपी कपिल चौधरी को पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ का संरक्षक मनोनीत किया गया. संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.
खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाता है : एसपी
अपने संबोधन में एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि राइफल शूटिंग ऐसा खेल है, जो युवाओं में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है. उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास का अवसर मिले, तो वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पलामू का नाम रोशन कर सकते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी लगन और ईमानदारी से अभ्यास करने की सलाह देते हुए खेलों के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
युवाओं को बेहतर मंच दे रहा है संघ
झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि खेल समाज को नई दिशा देता है और पलामू जिला राइफल शूटिंग संघ युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है. वहीं संघ के अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है.
29 से 31 जुलाई तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
संघ के सचिव सुमित बर्मन ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड राइफल एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया है. उन्होंने कहा कि 29 से 31 जुलाई तक आसनसोल में आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में पलामू के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में संघ के संरक्षक एवं पूर्व सैनिक ब्रजेश शुक्ला, सदस्य करुणा करण, मृत्युंजय कुमार, मोहित कुमार, पंकज कुमार, दीपक तिवारी, आशुतोष तिवारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: पलामू दिव्यांग संघ की बैठक में लंबित पेंशन और रैंप की सुविधा समेत कई मुद्दों पर चर्चा
