Palamu: पूर्व मंत्री श्रीमती सुधा चौधरी ने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के पाटन प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने किशनपुर, चैत्मा, करर, जंगलासी, इमली, सातवा और पाटन सहित कई गांवों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना. दौरे के समय ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिनमें मुख्य रूप से पेयजल, बिजली, सिंचाई और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली शामिल थी.
समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा कराने का पूरा प्रयास करेंगी
पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन से बात की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वे सरकार से भी आग्रह करेंगी और समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा कराने का पूरा प्रयास करेंगी. इस मौके पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पलामू जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, नितिश्वर कुमार मेहता, हीरामन भुइयां, बेगन उरांव, मछली भुइयां और जेठानी उरांव सहित कई अन्य लोग मौजूद थे.



