Ranchi: जिले में विकास योजनाओं को गति देने और लंबित कार्यों को समय पर पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. इसी कड़ी में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में जिला अनाबद्ध निधि के तहत संचालित योजनाओं की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन योजनाओं का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, उनके लिए संबंधित संवेदकों के साथ जल्द से जल्द एकरारनामा किया जाए और निर्माण कार्यों की शुरुआत में किसी प्रकार की देरी न हो. उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें. समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री अभिम योजना के तहत स्वीकृत योजनाओं की भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने जानकारी दी कि कुल नौ योजनाओं में से शहरी क्षेत्र की दो योजनाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि शेष सात योजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है. उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द लोगों तक पहुंच सके.

सांसद एवं विधायक निधि से संचालित योजनाओं पर जोर
मंजूनाथ भजन्त्री ने सांसद एवं विधायक निधि से संचालित योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि सांसदों और विधायकों द्वारा अनुशंसित योजनाओं का एकरारनामा शीघ्र पूरा कर कार्य आरंभ किया जाए. यदि वर्तमान योजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो अगले वित्तीय वर्ष की नई योजनाओं के अनुमोदन और क्रियान्वयन में भी आसानी होगी. बैठक में डीएमएफटी, पर्यटन एवं CSR मद से संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई. जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए. उपायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक योजना का क्रियान्वयन पारदर्शिता के साथ किया जाए.
यह भी पढ़ें: गुमला: केंद्रीय गृह मंत्री के “वनवासी” बयान पर कांग्रेस का विरोध, फूंका पुतला

