Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है. वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मॉनिटर लिजार्ड के 30 ‘हत्था जोड़ी’ बरामद किए गए हैं. इस मामले में वन में विभाग की टीम ने बीजेपी नेता राजीव रंजन मिश्रा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
होटल के कमरे में चल रहा था अवैध धंधा:
जानकारी के अनुसार, 14 मई को वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को सूचना मिली थी कि मेन रोड स्थित नटराज होटल में कुछ लोग मॉनिटर लिजार्ड के अंगों की तस्करी के लिए रुके हुए हैं. त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब 12:30 बजे वन विभाग की टीम ने होटल के कमरा संख्या 203 में छापा मारा. जांच के दौरान कमरे से एक काले रंग के प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखे गए 30 हत्था जोड़ी बरामद हुए. होटल रिकॉर्ड के अनुसार, यह कमरा पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम पर बुक किया गया था.

मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया:
वन विभाग की टीम ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया. जिनमें राजीव रंजन मिश्रा (64 वर्ष) लेक रोड, बड़ा तालाब, रांची का रहने वाला, अविनाश आनन्द (32 वर्ष) लेक रोड, बड़ा तालाब, रांची निवासी और अरूण राम, कचहरी चौक, रेडियम रोड निवासी शामिल हैं. वन विभाग के अनुसार, यह कार्य वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं (2, 9, 39, 44, 49B, 50(1)C, 51) के तहत एक गंभीर और संज्ञेय अपराध है. अभियुक्तों ने पूछताछ में तस्करी को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह पूरी कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी, रांची वनरोपण प्रक्षेत्र, बेड़ो के नेतृत्व में की गई.
