Ranchi: जिले के खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के परिसर में मंगलवार की सुबह उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब सैकड़ों कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पिछले कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर जमा होकर जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले कई महीनों से मानदेय नहीं दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा: 9 साल के लंबे इंतजार के बाद आज से आवेदन शुरू
आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मियों का कहना है कि वेतन न मिलने के कारण उनके सामने अब भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है. घर का किराया, बच्चों की स्कूल फीस और राशन जैसे बुनियादी खर्चों को पूरा करना उनके लिए असंभव होता जा रहा है. आक्रोशित कर्मचारियों ने सुबह से ही फैक्ट्री के मुख्य द्वार को घेर लिया, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप रहा. कर्मचारियों ने प्रबंधन पर वादे खिलाफी और शोषण का आरोप लगाते हुए जमकर नारे लगाए.
