Giridih: शहर के धरियाडीह इलाके में शुक्रवार सुबह करीब सात फीट लंबा अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. आवासीय क्षेत्र के पास झाड़ियों में अजगर दिखाई देने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई. स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए अजगर को पकड़ने की कोशिश नहीं की और तुरंत सर्प मित्र रॉकी नवल को सूचना दी.
सुरक्षित तरीके से किया गया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सर्प मित्र रॉकी नवल मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी. उन्होंने सावधानीपूर्वक अजगर का सफल रेस्क्यू किया और बिना किसी नुकसान के उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया.

सर्प मित्र ने लोगों से की अपील
रॉकी नवल ने बताया कि अजगर विषैला नहीं होता, लेकिन यह एक शक्तिशाली शिकारी है. ऐसे में उसे देखकर घबराने या मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना दें. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रॉकी नवल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि समय पर रेस्क्यू होने से किसी अप्रिय घटना की आशंका टल गई.


