Seraikela:भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने मंगलवार को कुचाई प्रखंड के लो-परफॉर्मिंग मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की.
गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटलीकरण की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं संग्रहण, घर-घर सत्यापन, प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटलीकरण तथा ASDD (Absent, Shifted, Death, Duplicate) सूची निर्माण की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने मतदान केंद्रवार लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए.
कोई भी पात्र मतदाता न छूटे
अपर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन पात्र मतदाताओं का गणना प्रपत्र अब तक प्राप्त नहीं हुआ है, उनसे दोबारा संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त किया जाए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए. उन्होंने गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण, समयबद्ध डिजिटलीकरण और भौतिक सत्यापन के बाद त्रुटिरहित ASDD सूची तैयार करने पर जोर दिया.
लो-परफॉर्मिंग बूथों पर विशेष फोकस
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों पर विशेष कार्ययोजना के तहत नियमित मॉनिटरिंग करने, छूटे हुए मतदाताओं की सूची तैयार करने और उनसे शीघ्र संपर्क स्थापित कर डिजिटलीकरण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. आवश्यकता पड़ने पर कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त कर्मियों से शिफ्टवार कार्य लेने को भी कहा गया.
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश
जयवर्धन कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के समन्वित प्रयास पर निर्भर है. उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीडीओ, अंचल अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: अपडेटः हरित झारखंड और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सीएम हेमंत सोरेन सख्त, एक महीने में तैयार होगा सभी वन क्षेत्रों का डिजिटल रिकॉर्ड, इको-टूरिज्म और व्यावसायिक खेती पर जोर
