Simdega : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग JSSC की ओर से आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई. जिला में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली. परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे. इन हेल्प डेस्कों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई गई. इससे बाहर से आए परीक्षार्थियों को अपने केंद्र तक पहुंचने में काफी सहूलियत हुई. जेएसएससी के दिशा-निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन किया गया. निर्धारित समय सुबह 7 बजे तक अभ्यर्थियों को दो चरणों की कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया.
परीक्षा के दौरान पुलिस बल की तैनाती की गयी
प्रवेश के दौरान पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके. जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 4,392 परीक्षार्थी शामिल हो रहे है. प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए है. अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
ALSO READ : राज्य के पासपोर्ट ऑफिस, सिविल कोर्ट, समाहरणालय, GPO को पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी
