Palamu: प्रवीण तिवारी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म “BAAAZ IN STATE” के आगामी रिलीज को लेकर एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. यह फिल्म न केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति है, बल्कि पलामू और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बनकर सामने आई है. युवा निर्देशक प्रवीण तिवारी के निर्देशन में बनी यह उनकी पहली फीचर फिल्म है, जो रिलीज से पहले ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल रही है. फिल्म का प्रदर्शन 24 जुलाई को पलामू जिले के डालटनगंज स्थित मोहन सिनेमा हॉल में किया जाएगा.
21 पुरस्कारों से सम्मानित हुई फिल्म
फिल्म “BAAAZ IN STATE” का सफर वर्ष 2022 में शुरू हुआ था और दिसंबर 2024 में यह पूरी तरह तैयार हुई. करीब 2 घंटे 49 मिनट की अवधि वाली इस फिल्म को पहले “बाज इन बिहार” नाम से जाना जाता था, जिसे अब बदलकर “BAAAZ IN STATE” के नाम से रिलीज किया जा रहा है. फिल्म की उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसे 30 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में चयन मिला है। इसके अलावा फिल्म ने अब तक 21 प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए हैं.
शराब तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म बिहार में शराब तस्करी के संवेदनशील मुद्दे और उससे जुड़ी सामाजिक परिस्थितियों पर आधारित है. फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह युवा वर्ग मजबूरी और आर्थिक लालच के कारण गलत रास्तों पर जाने को मजबूर हो जाता है और अनैतिक गतिविधियों, खासकर शराब तस्करी में शामिल हो जाता है. फिल्म में मुख्य रूप से पलामू जिले के स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है.इसके माध्यम से क्षेत्रीय कलाकारों और स्थानीय संस्कृति को एक नई पहचान देने का प्रयास किया गया है.
निर्देशक ने पलामूवासियों से फिल्म देखने की अपील की
फिल्म के निर्देशक प्रवीण तिवारी ने पलामूवासियों से अपील की है कि वे स्थानीय कलाकारों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करें और बड़ी संख्या में मोहन सिनेमा हॉल पहुंचकर फिल्म देखें. उन्होंने कहा कि “BAAAZ IN STATE” केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को युवा दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाली फिल्म है, जिसे समाज के हर वर्ग को देखना चाहिए. यह फिल्म पलामू और झारखंड की प्रतिभा को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
