Bokaro:बोकारो-पुरुलिया मुख्य मार्ग NH-32 पर चास कॉलेज के आगे कांड्रा के समीप एचपी तेल टैंकर (जेएच 10 एएस 6853) ने एक बाइक (जेएच 09 बीएम 3787) को अपनी चपेट में ले लिया. बुधवार सुबह हुई इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पर पिण्ड्राजोरा थाना पुलिस पहुंची. मृतक की पहचान पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमारदागा पंचायत के रानी चिड़िया निवासी अकलू कुम्हार के पुत्र दीजोपद के रूप में हुई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच 32 को जाम कर दिया.

मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे जाम रहा एनएच- बताया जाता सुबह करीब 8 बजे के आसपास दीजोपद अपनी बाइक से चास की ओर आ रहा था. इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार टैंकर ने उस टक्कर मार दी. घटना के बाद जुटे आसपास के ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए एनएच 32 जाम कर दिया. जाम के कारण एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. तनावपूर्ण माहौल को शांत करने और एनएच पर यातायात सुचारू रूप से आरंभ करने के लिए पुलिस व अन्य अधिकारी ग्रामीणों से लगातार वार्ता करते रहे. करीब घंटे बाद सरकारी कायदा-कानून के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजा व टैंकर चालक पर कार्रवाई का भरोसा मिलने पर एनएच से शव उठाया गया.
