Ranchi : झारखंड में तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने 26, 27 और 28 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश, ओलावृष्टि, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से तेलंगाना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने की शिष्टाचार मुलाकात
लोगों से सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात का अधिक असर देखने को मिल सकता है. वहीं मध्यवर्ती क्षेत्र के रांची, खूंटी, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, धनबाद और कोडरमा में भी मौसम के खराब रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. तीन दिनों तक बदलते मौसम के बीच जहां किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद हो सकती है, वहीं ओलावृष्टि और तेज हवा फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकती है. ऐसे में किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें : डायन प्रथा पर अब सख्त वार जरूरी : झारखंड में महिलाओं पर अपराध ‘सिस्टम की विफलता’, सुप्रीम कोर्ट जज ने दी चेतावनी
