FIFA World Cup 2026: फुटबॉल विश्वकप के राउंड ऑफ 32 में सोमवार (टूर्नामेंट का 19वां दिन) फुटबॉल का रोमांच देखा गया. महज आठ घंटे के भीतर दो नॉकआउट मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जिसमें चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को पराग्वे और नीदरलैंड्स को मोरक्को ने चौंकाते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. वहीं, ब्राजील ने इंजरी टाइम में गैब्रियल मार्टिनेली के विजयी गोल की बदौलत जापान को 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई. अब 20वें दिन तीन और नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें फ्रांस, नॉर्वे और मेक्सिको जैसी दिग्गज टीमों की अग्निपरीक्षा होगी.


पेनल्टी शूटआउट में पराग्वे ने जर्मनी को हराया
बोस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पराग्वे ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को 120 मिनट तक 1-1 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. जूलियो एनसिसो ने पहले हाफ में शानदार हेडर से पराग्वे को बढ़त दिलाई, जबकि दूसरे हाफ में फ्लोरियन विर्ट्ज के क्रॉस पर काई हैवर्ट्ज ने हेडर के जरिए जर्मनी की बराबरी करा दी. अतिरिक्त समय में जोनाथन ताह का गोल फाउल के कारण रद्द हो गया और मुकाबला पेनल्टी तक पहुंचा. शूटआउट में गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो पेनल्टी बचाईं, जबकि जोसे कनाले ने निर्णायक पेनल्टी गोल में बदलकर पराग्वे को राउंड ऑफ 16 का टिकट दिला दिया.

मार्टिनेली ने बचाई ब्राजील की लाज
ह्यूस्टन स्टेडियम में जापान ने ब्राजील को कड़ी टक्कर दी. 29वें मिनट में काइशु सानो ने शानदार गोल कर जापान को बढ़त दिला दी. इसके बाद ब्राजील ने लगातार दबाव बनाया और 56वें मिनट में कासेमिरो ने गैब्रियल मागालहाइस के सटीक क्रॉस पर हेडर से बराबरी कर दी. विनीसियस जूनियर का एक शानदार प्रयास पोस्ट से टकरा गया और जापानी गोलकीपर ज़ायन सुजुकी ने कई बेहतरीन बचाव किए. जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी 90+5वें मिनट में ब्रूनो गिमारेस के पास पर गैब्रियल मार्टिनेली ने विजयी गोल दागकर ब्राजील को 2-1 से जीत दिलाई. अब ब्राजील राउंड ऑफ 16 में कोट डी आइवर और नॉर्वे के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से भिड़ेगा.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में लाल हुंकार : भाकपा का शक्ति प्रदर्शन, जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प

मोरक्को ने नीदरलैंड को चौंकाया, विश्वकप से किया बाहर
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 के चौथे मुकाबले में वर्जिल वान जिक की कप्तानी वाली नीदरलैंड्स टीम का सामना अशरफ हकीमी की अगुआई वाले मोरक्को से एस्टाडियो हुआ. राउंड ऑफ-32 के दूसरे दिन ही दो-दो मैच पेनल्टी शूटआउट में गए और फुटबॉल की दो महाशक्तियां फीफा विश्वकप से बाहर हो चुकी हैं. पराग्वे ने जर्मनी को बाहर किया और अब मोरक्को ने नीदरलैंड्स को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है. फुल टाइम के बाद स्कोर 1-1 से बराबर रहा था. इसके बाद 30 मिनट के एक्स्ट्रा टाइम में भी कोई गोल नहीं हो सका और स्कोर 1-1 से बराबर रहा था. इसके बाद नतीजा पनेल्टी शूटआउट में आया. मोरक्को ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से शिकस्त दी और राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई.



