सुबह हुआ विवाद, दोपहर में धारदार हथियार से काटकर युवक की कर दी हत्या

Saraikela: सुबह हुए विवाद के वजह से दोपहर में एक युवक की धारदार हथियार से काटकर बेहरमी से हत्या कर दी गई....

A dispute broke out in the morning, and the young man was murdered in the afternoon with a sharp-edged weapon.

Saraikela: सुबह हुए विवाद के वजह से दोपहर में एक युवक की धारदार हथियार से काटकर बेहरमी से हत्या कर दी गई. जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक 27 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. यह खौफनाक वारदात बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप घटी, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

घात लगाकर बैठे हमलावरों ने किया हमला

मृतक की पहचान गोपपाड़ा के रहने वाले 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जगन्नाथ जब बोलायडीह शीतला मंदिर के पास था, तभी चार से पांच की संख्या में आए हथियारबंद हमलावरों ने उस पर अचानक धावा बोल दिया. अपराधियों ने जगन्नाथ पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ कई वार किए. हमला इतना भीषण था कि जगन्नाथ को संभलने का मौका तक नहीं मिला और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से घटनास्थल से फरार हो गए.

यह भी पढ़ें: कोडरमा: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संवाद कार्यक्रम की शुरुआत, मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा- ‘योजना से मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर में आई कमी’

सुबह हुआ था विवाद, घर से बुलाकर मारी गोली और हथियार से काटा

घटना के कारणों को लेकर मृतक के भाई सोनू गोप ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. सोनू गोप के बयान के अनुसार, शनिवार सुबह जगन्नाथ और गणेश नाम के युवक के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और विवाद हुआ था. उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद प्रेम नायक नामक एक युवक जगन्नाथ के घर पहुंचा और उसे अपने साथ बुलाकर ले गया. सोनू का आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत जगन्नाथ को घर से बाहर ले जाया गया और फिर शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और उनके अन्य साथियों ने मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया.

मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

इस हत्याकांड के बाद मृतक जगन्नाथ गोप के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ की पत्नी पार्वती गोप का लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही निधन हो चुका था. अब जगन्नाथ की मौत के बाद उनके दो छोटे बच्चे आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और महज दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप पूरी तरह से अनाथ हो गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सरायकेला एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए. वारदात की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना की पुलिस टीमें फौरन मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं.

यह भी पढ़ें: पाकुड़: चेकपोस्ट पर दबंगई पड़ी भारी; कर्मी को धमकाने वाला ट्रक चालक गिरफ्तार,पहुंचा जेल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *