Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र (डिप्रेशन) अब उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओड़िशा-पश्चिम बंगाल तटों के पास सक्रिय हो गया है. आज यानी 26 जुलाई को सुबह 08:30 बजे यह डिप्रेशन सागर द्वीप से लगभग 130 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और बालासोर से 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था. मौसम विभाग के अनुसार, यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा और अगले 24 घंटों के दौरान और अधिक तीव्र होकर उत्तर ओड़िशा तथा पश्चिम बंगाल के तटों को पार करेगा. इस मौसमी उथल-पुथल का असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है. राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. सबसे अधिक 23.0 मिलीमीटर वर्षा सिमडेगा में रिकॉर्ड की गई.
झारखंड में एक अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
• 26 जुलाई : आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. दक्षिणी और मध्य भागों के कुछ स्थानों के साथ-साथ उत्तरी हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
• 27 जुलाई : राज्य के अनेक स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है.
• 28 से 29 जुलाई : इन तारीखों पर भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और अनेक स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा.
• 30 जुलाई से 1 अगस्त : इस दौरान भी आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और राज्य के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. 1 अगस्त को फिर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है.
तापमान
तापमान की बात करें तो अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, लेकिन उसके बाद के 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. जिससे ठंडक का अहसास बढ़ेगा.
वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट
राज्य के लगभग सभी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
भारी बारिश की चेतावनी
• 26 जुलाई : दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों (गुमला और खूंटी) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
• 27 जुलाई : दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों (गुमला, खूंटी, रांची और लोहरदगा) में भारी बारिश की संभावना है.
• 28 जुलाई : दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों (पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा) में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है.
रांची और आसपास के इलाकों का मौसम हाल
• 26 जुलाई : आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
• 27 एवं 28 जुलाई : बादलों की घनी आवाजाही के बीच दिन में दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा सकता है.
• 29 एवं 30 जुलाई : मौसम सुहाना बना रहेगा और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
