NewsWave Desk: असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना शुरू हो चुकी है. 4 मई 2026 को जारी काउंटिंग के साथ यह तय होगा कि राज्य की सत्ता पर अगला अधिकार किसका होगा. शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है. राज्य में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था, जिसमें 25 लाख से अधिक मतदाताओं में से 85.96 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 126 सीटों पर 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो रहा है, जिनमें 59 महिलाएं शामिल हैं. कड़ी सुरक्षा के बीच 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम खोली गईं.
गठबंधन की स्थिति
चुनाव में एनडीए के तहत बीजेपी, असम गण परिषद (AGP) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) मैदान में हैं. वहीं यूपीए (INDI गठबंधन) में कांग्रेस, राइजोर दल, असम जातीय परिषद (AJP), सीपीआईएम, सीपीआईएमएल और एपीएचएलसी शामिल हैं. अन्य दलों में एआईयूडीएफ और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट भी चुनावी मुकाबले में हैं.
10:15 बजे तक बीजेपी बहुमत पार
सुबह 10:15 बजे तक 112 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं. भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट रूप से बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और बड़ी बढ़त बना ली है. बीजेपी 71 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 8, असम गण परिषद 7 और एआईयूडीएफ 2 सीटों पर आगे हैं. इसके अलावा सीपीआईएम, असम जातीय परिषद, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राइजोर दल भी एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.
Also Read: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: शुरुआती रुझानों में BJP को बढ़त, कई सीटों पर आगे
10 बजे तक का रुझान: बहुमत के करीब बीजेपी
सुबह 10 बजे तक 93 सीटों के रुझानों में बीजेपी 57 सीटों पर आगे चल रही थी और बहुमत के करीब पहुंच गई थी. कांग्रेस 16 सीटों पर, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 8 सीटों पर और असम गण परिषद 6 सीटों पर आगे थी. अन्य दलों में एजेपी, सीपीआईएम, झारखंड मुक्ति मोर्चा और एआईयूडीएफ को भी शुरुआती बढ़त मिली थी.
शुरुआती राउंड में बीजेपी की मजबूत पकड़
इससे पहले 77 सीटों के रुझानों में बीजेपी 47 सीटों पर आगे चल रही थी. कांग्रेस को 13 सीटों पर बढ़त मिली थी, जबकि बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 7 और असम गण परिषद 6 सीटों पर आगे थे. अन्य दलों की बढ़त सीमित सीटों तक ही रही.
जोरहाट सीट पर बीजेपी आगे
जोरहाट विधानसभा सीट से दो राउंड की मतगणना में बीजेपी उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी आगे चल रहे हैं. उन्हें 9023 वोट मिले हैं और वे 1,191 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं. कांग्रेस के गौरव गोगोई 7,832 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. अन्य उम्मीदवारों को सीमित वोट मिले हैं और अभी कई राउंड की गिनती बाकी है.
9:45 बजे तक भी बीजेपी की बढ़त कायम
सुबह 9:45 बजे तक 58 सीटों के रुझानों में बीजेपी 36 सीटों पर आगे थी. कांग्रेस 10 सीटों पर, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 5 सीटों पर और असम गण परिषद 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी. एजेपी और एआईयूडीएफ भी कुछ सीटों पर आगे थे.
नतीजों पर टिकी निगाहें
लगातार आ रहे रुझानों से साफ है कि असम में बीजेपी मजबूत स्थिति में है और बहुमत की ओर बढ़ रही है. हालांकि अंतिम नतीजों के लिए अभी सभी को इंतजार है, क्योंकि आगे के राउंड में तस्वीर बदल भी सकती है.
