बोकारो: IG ने कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, कहा- ‘खेल पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से बनाता है सशक्त’

Bokaro: सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में शनिवार को कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र,...

Bokaro: IG inaugurated the Coal Regional Police Sports Competition, said- 'Sports makes policemen physically and mentally strong'

Bokaro: सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में शनिवार को कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया. कार्यक्रम में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए. प्रतियोगिता की शुरुआत आतिशबाजी के साथ हुई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे. कार्यक्रम से पूर्व, पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा तथा अन्य पदाधिकारियों ने शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. इसके उपरांत सभी अतिथियों ने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.

खेल आपसी समन्वय और टीम भावना को करती है मजबूत : आईजी

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि इस खेल प्रतियोगिता की परंपरा वर्षों पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा शुरू की गई एक सराहनीय पहल है. यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी मेल-जोल, समन्वय और टीम भावना को सुदृढ़ करने का प्रभावी मंच है. उन्होंने कहा कि आज भले ही मनोरंजन के अनेक आधुनिक साधन उपलब्ध हैं, लेकिन जब इस प्रतियोगिता की शुरुआत हुई थी, तब ऐसे संसाधन सीमित थे. ऐसे समय में खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन करना दूरदर्शी सोच का परिचायक था. उन्होंने कहा कि खेल पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ टीम भावना विकसित करते हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने अथवा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने में टीमवर्क सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और खेल हमें यही सीख देते हैं.

यह भी पढ़ें: TSPC उग्रवादी विक्रम जी को नहीं मिली जमानत

‘सफलता के लिए समर्पण और मेहनत आवश्यक’

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि एक समय था जब खेलों को पढ़ाई की तुलना में कम महत्व दिया जाता था, लेकिन आज परिस्थितियाँ पूरी तरह बदल चुकी हैं. खेलों में सम्मान, पहचान और उज्ज्वल भविष्य की अपार संभावनाएँ हैं. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ा रहे हैं तथा खेलों के माध्यम से रोजगार और सरकारी सेवाओं में भी अवसर प्राप्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण यह नहीं है कि कोई व्यक्ति किस क्षेत्र का चयन करता है, बल्कि यह है कि वह अपने चुने हुए क्षेत्र में कितनी मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करता है. स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर अभ्यास और समर्पण सफलता की कुंजी हैं. उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया.

पुलिसकर्मियों की फिटनेस और मानसिक सुदृढ़ता के लिए आयोजित होती है प्रतियोगिता : एसपी

इससे पूर्व, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने स्वागत भाषण में कहा कि पुलिस की ड्यूटी अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं कठिन होती है. ऐसे में पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक सुदृढ़ता, आपसी समन्वय एवं अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष इस खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है. खेल हमारे शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं तथा नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक कार्य संस्कृति को मजबूत बनाते हैं.

यह भी पढ़ें: विशेष लोक अदालत का आयोजन: चेक बाउंस के 724 मामलों का निष्पादन, दो करोड़ से अधिक का सेटलमेंट

क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स तक अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रतियोगिता में क्रिकेट, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है. एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800, 1500 एवं 5000 मीटर दौड़ (महिला एवं पुरुष), 4×100 एवं 4×400 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊँची कूद, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो तथा डिस्कस थ्रो की प्रतियोगिताएं शामिल हैं. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में धनबाद जिला पुलिस के 139 तथा बोकारो जिला पुलिस के 115 खिलाड़ियों सहित कुल 254 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता के सफल एवं विवादरहित संचालन के लिए दोनों जिलों की पुलिस टीमों में टीम कप्तानों की नियुक्ति की गई है. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक धनबाद सहित दोनों जिलों के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *