70 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद भी दिव्यांग को नहीं मिल रहा सरकारी योजना का लाभ, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

Pakur: पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत देवपुर गांव निवासी सुजीत मंडल को 70 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र मिलने के बावजूद अब...

Pakur:  पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत देवपुर गांव निवासी सुजीत मंडल को 70 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र मिलने के बावजूद अब तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. उन्होंने प्रशासन से सहायता और सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है. सुजीत मंडल ने बताया कि 21 मई 2025 को तेज आंधी के दौरान एक आम का पेड़ उनके ऊपर गिर गया था. हादसे में वह पेड़ के नीचे दब गए और उनके एक पैर की नस गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई. इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनका एक पैर काटना पड़ा.

एक साल बाद भी नहीं मिली सहायता राशि

सुजीत का कहना है कि हादसे को एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन अब तक उन्हें आपदा राहत के तहत मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिली है. इसके अलावा किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ भी उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि उन्हें अब तक न तो दिव्यांग पेंशन मिल रही है और न ही ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई है. दिव्यांगता के कारण रोजमर्रा की जिंदगी में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

परिवार के भरण-पोषण की चिंता

सुजीत मंडल के दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र 11 वर्ष और 6 वर्ष है. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके सामने बच्चों के पालन-पोषण और जीवनयापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. सुजीत मंडल ने जिला प्रशासन से दिव्यांगों को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं और योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है, ताकि उनका परिवार सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके.

ALSO READ : बोकारो: पिंड्राजोरा जल संकट समाधान एवं प्रखंड बनाने की मांग को लेकर राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *