Hazaribagh : शहर में अज्ञात शव मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही है. सोमवार सुबह हजारीबाग शहर स्थित मत्स्य विभाग परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार ने परिसर में खून से लथपथ शव पड़ा देखा. उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में लग गईत्र
पहचान नहीं हो सकी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
हत्या या हादसा, हर पहलू पर जांच
शव पर चोट के निशान और खून से लथपथ हालत को देखते हुए पुलिस हत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
लगातार मिल रहे अज्ञात शवों से बढ़ी चिंता
हजारीबाग जिला में हाल के दिनों में अज्ञात शव मिलने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है. सोमवार को मिला यह शव हालिया दिनों में बरामद चौथा अज्ञात शव है. अब तक बरामद अज्ञात शवों में- पहला शव टाउन स्टेशन के पास मालगाड़ी से बरामद हुआ था. दूसरा शव हीराबाग क्षेत्र में मिला. तीसरा शव चुरचू थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. चौथा शव सोमवार को शहर के मत्स्य विभाग परिसर में मिला. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने आम लोगों में चिंता बढ़ा दी है. लोग शहर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं.
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति के परिजन या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता है, तो वे संबंधित थाना से संपर्क कर शव की पहचान में सहयोग करें. साथ ही घटना से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
ALSO READ : फुटबॉल जगत का नया बादशाह बना स्पेन, अर्जेंटीना को हराकर जीता FIFA वर्ल्ड कप 2026, मेसी का सपना टूटा
