Jamtara: बरजोरा और उदलबनी पंचायत के करीब 40 गरीब परिवारों को कथित फर्जी ऋण का नोटिस मिलने के बाद सोमवार को ग्रामीणों ने JLKM जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो के नेतृत्व में बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की मिहिजाम शाखा का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया.
KCC के नाम पर दस्तावेज लेने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2021 में बैंक के CSP संचालक ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने के नाम पर दस्तावेज लिए थे, लेकिन उन्हें कोई ऋण नहीं मिला. अब उनके नाम पर 40 से 60 हजार रुपये तक का लोन दिखाकर वसूली नोटिस भेजा गया है.
कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मामले की शिकायत पहले भी DC, SP और मिहिजाम थाना में की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को न्याय देने की मांग की.
ALSO READ: कोडरमा: एक रात, 4 घर और 30 लाख की चोरी, CCTV में कैद हुए 5 बदमाश
बैंक प्रबंधन ने जांच का दिया भरोसा
बैंक ऑफ इंडिया मिहिजाम शाखा के प्रबंधक ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रभावित लोगों से धनबाद स्थित जोनल कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद बैंक नियमानुसार उचित कार्रवाई करेगा.
