झारखंड मौसम अपडेट: अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी, जानिए किन इलाकों में भारी वर्षा की संभावना 

Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में...

बारिश
Jharkhand Weather Update

Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हुई अच्छी बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ समय से पश्चिमी गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के उत्तरी हिस्सों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसका असर अभी भी बना हुआ है. राज्य के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है. इसके अलावा, मानसून की ट्रफ लाइन अमृतसर से गुजरते हुए रांची और दीघा से होकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. इन मौसमी कारकों के कारण राज्य में बादलों का डेरा जमा रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा.

अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा मौसम

झारखंड के लगभग सभी जिलों में अगले पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की प्रबल संभावना है. 18 से लेकर 22 जुलाई तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है.अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा, लेकिन इसके बाद यानी 20 जुलाई के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट 

• 18 जुलाई: राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भाग (लोहरदगा, गुमला और खूंटी) में भारी बारिश की संभावना है.
• 19 जुलाई: राज्य के दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भाग (विशेषकर धनबाद) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
• 20 और 21 जुलाई: उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य जिलों (कोडरमा और धनबाद) में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
• इन सभी दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (आकाशीय बिजली) होने की चेतावनी दी गई है.
• 22 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में मामूली कमी आ सकती है, लेकिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. रांची में मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं, वहीं 19 जुलाई और 22 जुलाई के आसपास बारिश का अंतराल बढ़ सकता है, जहां रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी.

आम लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है. मेघ गर्जन और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और खुले स्थानों पर जाने से बचें. किसानों को सलाह दी गई है कि वे कृषि संबंधी गतिविधियों में सावधानी बरतें.

ALSO READ: Ranchi University के खिलाफ छात्रों का बवाल, डोरंडा कॉलेज के सामने सड़क जाम कर किया उग्र प्रदर्शन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *