Koderma : नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह पंचायत के विंडोमोह बिरहोर टोला में निवास कर रहे तीन बिरहोर परिवार के लगभग आधा दर्जन लोग अज्ञात बीमारी की चपेट में आ गए हैं. पिछले 4 दिनों से बीमार होने के कारण परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ती जा रही है. बीमार लोगों में आठ वर्षीय पिंकी कुमारी, 10 वर्षीय विशाल बिरहोर, दो वर्षीय गुड़िया बिरहोर, मनोज बिरहोर, शांति विरहोरनी, कंचन बिरहोर शामिल है. परिजनों ने बताया कि चार दिन पहले सभी को बुखार, उल्टी और कमजोरी की शिकायत हुई थी. इलाज के लिए वे नवलशाही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गए थे, लेकिन वहां जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं थी. मजबूरी में परिवार को निजी क्लिनिक से इलाज कराना पड़ रहा है.
स्वास्थ्य विभाग टीम भेजकर करें पीड़ित परिवार का इलाज
ग्रामीणों का कहना है कि बिरहोर परिवार बेहद गरीब है और निजी इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है. दवा और जांच के अभाव में बच्चों और महिलाओं की तबीयत लगातार गिर रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि टीम भेजकर पीड़ित परिवार का तत्काल इलाज कराया जाए और टोला में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाए. उन्होंने कहा कि अगर समय पर इलाज नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. फिलहाल पूरा परिवार घर पर ही है और निजी डॉक्टर की सलाह पर दवाएं ले रहा है.
ALSO READ : झारखंड में 3.91 लाख लोग कर रहे है रोजगार के लिए संघर्ष, पलामू में सबसे अधिक 44 हजार लोगों को चाहिए रोजगार
