Koderma: कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र में हुई आभूषण छिनतई की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सभी आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है.
डिक्की से आभूषण से भरा बैग छीनकर फरार हुए थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने पेट्रोल भरवाने आए अशोक सोनी, पिता स्व. लखन स्वर्णकार, निवासी चंदवारा, की बाइक की डिक्की से आभूषण से भरा बैग छीन लिया था. पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर चंदवारा थाना में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
SP के निर्देश पर बनी विशेष जांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी चंदवारा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच की. जांच में पता चला कि घटना में शामिल आरोपी उड़ीसा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं.
उड़ीसा में छापेमारी कर दो आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद विशेष टीम ने उड़ीसा पुलिस के सहयोग से जाजपुर जिले के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर कांड में शामिल एक महिला सहयोगी को कोडरमा रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया गया.
लूटे गए सभी आभूषण और मास्टर चाबी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से छिनतई किए गए सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, डिक्की खोलने में इस्तेमाल की गई टी-आकार की लोहे की मास्टर चाबी, दो मोबाइल फोन, ज्वेलरी मापक यंत्र और अन्य सामान भी जब्त किया गया. पुलिस के अनुसार यह गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय था.
गिरफ्तार आरोपी
राजू दास (35 वर्ष), जिला भद्रक, उड़ीसा.
धनराज प्रधान (21 वर्ष), जिला जाजपुर, उड़ीसा.
ट्वींकल दास (32 वर्ष), जिला भद्रक, उड़ीसा.
बरामद सामान
पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, चांदी जैसी दिखने वाली 16 जोड़ी पायल, सात गले की चेन, 11 जोड़ी बिछिया, 13 अंगूठियां, चार बच्चों के कंगन, ताबीज, लॉकेट, नथिया सहित अन्य आभूषण, दो मोबाइल फोन, एक बैग, एक टी-आकार की मास्टर चाबी और एक ज्वेलरी मापक यंत्र बरामद किया है.
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, नवलशाही थाना एवं चंदवारा थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
कोडरमा पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण उसकी प्राथमिकता है. अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
ALSO READ : क्या रिटायरमेंट से पलट गए अरिजीत सिंह? ‘आवारापन 2’ को लेकर बढ़ी चर्चा
