Giridih: जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है. उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देश पर देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने पुलिस लाइन स्थित अवैध रूप से संचालित मसाला कारखाना ‘श्याम ट्रेडर्स’ में औचक निरीक्षण किया.
जांच में सामने आईं कई अनियमितताएं
जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. कारखाना बिना फूड लाइसेंस के संचालित पाया गया. इसके अलावा पैकेज किए गए खाद्य पदार्थों पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी, जिससे वे मिसब्रांडेड श्रेणी में आते हैं. वहीं, पैकेजिंग पर उत्पादक का नाम और पता भी गलत पाया गया.
भारी मात्रा में सामग्री जब्त, नोटिस जारी
कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर ही करीब 200 किलो मैदा, 175 किलो सूजी और 85 किलो पैकेजिंग सामग्री को जब्त (सीज) कर दिया. साथ ही संचालक को फूड लाइसेंस बनवाने, खाद्य परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और फूड सेफ्टी से संबंधित प्रशिक्षण लेने का नोटिस जारी किया गया.
Also Read: वेतन घोटाले की सर्जरी शुरू: रडार पर कई जिले, AG की एंट्री
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
इसके अतिरिक्त मैदा और सूजी के सैंपल भी संग्रहित कर रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्ती
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी संदेश दिया कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
