रांची: जनता दरबार में दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, लापरवाह अधिकारियों पर सख्त हुए DC मंजूनाथ भजन्त्री

Ranchi: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री आज जनता दरबार में संवेदनशील और सख्त दोनों अंदाज में नजर आए. एक ओर उन्होंने चलने...

Ranchi: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री आज जनता दरबार में संवेदनशील और सख्त दोनों अंदाज में नजर आए. एक ओर उन्होंने चलने में असमर्थ दिव्यांग युवक शाहनवाज आलम को तत्काल इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराकर मानवीय पहल की मिसाल पेश की, वहीं दूसरी ओर जमीन म्यूटेशन में गड़बड़ी, प्लॉट सुधार में देरी और सरकारी जमीन पर कब्जे जैसे मामलों में अधिकारियों को जमकर फटकार लगायी. जनता दरबार में सबसे चर्चित मामला अनगड़ा अंचल का रहा, जहां दस्तावेजों को नजरअंदाज कर एक ही व्यक्ति के नाम म्यूटेशन किये जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए तत्कालीन कर्मचारी पर आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया. उपायुक्त ने साफ कहा कि सरकारी रिकॉर्ड और दस्तावेजों से छेड़छाड़ या लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

यह भी पढ़ें: रेत के संकट ने छीनी 4 लाख परिवारों की रोटी: क्या 10 दिन का सरकारी अल्टीमेटम बदल पाएगी तस्वीर?

डीसी ने अंचलाधिकारी को लगाई फटकार

वहीं सोनाहातू से पहुंचे एक आवेदक ने प्लॉट सुधार के लंबित मामले की शिकायत की. मामले में देरी पर उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारी को फटकार लगाते हुए एक महीने के भीतर सभी लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में काम नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई होगी. मांडर अंचल से कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे की शिकायत भी जनता दरबार में पहुंची. शिकायत में एक पुलिसकर्मी पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया गया. इस पर उपायुक्त ने तत्काल जांच के आदेश दिये और सभी अंचलाधिकारियों को चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलने पर सीधे जवाबदेही तय की जायेगी.

यह भी पढ़ें: सूखे की चुनौती से लड़ने को तैयार झारखंड: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में तैयार हुआ कंटीजेंट प्लान

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे

जनता दरबार में भूमि अधिग्रहण के बाद लंबित मुआवजा भुगतान का मुद्दा भी उठा. कई आवेदकों ने वर्षों से भुगतान लंबित होने की शिकायत की. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एनएचएआई के साथ समन्वय बनाकर जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इधर, आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अनियमित मानदेय और पोषाहार राशि भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत की. इस पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जांच कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. देर शाम तक चले जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच कोई दूरी नहीं रहनी चाहिए और छोटी समस्याओं का समाधान प्रखंड और अंचल स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाना चाहिए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *