Saraikela: नीमडीह थाना क्षेत्र के सिरुम हाई स्कूल के सामने शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में गुरुपद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा स्वास्थ्य विभाग की 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार कॉल किया गया, परंतु न तो कॉल रिसीव हुआ और न ही कोई रिस्पॉन्स मिला. 108 सेवा ठप होने के कारण घायल को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल पा रही थी. सड़क पर खून से लथपथ पड़े घायल को देख लोग परेशान हो गए.

जिप प्रतिनिधि बने मददगार, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो के प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देरी किए अपने निजी वाहन से गंभीर रूप से घायल गुरुपद महतो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से जान बच गई.
ALSO READ: हलवाई की एक गलती से बना ओडिशा का मशहूर छेना पोड़ा, आज भगवान जगन्नाथ के प्रिय भोग में शामिल
ग्रामीणों का आरोप, एंबुलेंस सेवा में लापरवाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड कुकड़ू में अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन 108 सेवा और विभागीय सहयोग समय पर नहीं मिल पाता. कुकड़ू से नीमडीह सीएचसी की दूरी करीब 40 किमी, सरायकेला सदर अस्पताल 70 किमी और जमशेदपुर एमजीएम 100 किमी दूर है. ऐसे में एंबुलेंस सेवा का ठप रहना जानलेवा साबित हो सकता है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 108 सेवा के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है. कई बार कॉल करने पर ‘नेटवर्क एरिया से बाहर’ बताता है या फोन ही नहीं उठता. उन्होंने डीसी और सिविल सर्जन से 108 सेवा को दुरुस्त करने और कुकड़ू में स्थायी एंबुलेंस तैनात करने की मांग की है. फिलहाल घायल गुरुपद महतो की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
