JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा: 22 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू

Koderma: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), रांची द्वारा झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई 2026 को कोडरमा जिले के...

22 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू
22 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा-163 लागू

Koderma: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), रांची द्वारा झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई 2026 को कोडरमा जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में किया जाएगा. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल दंडाधिकारी, कोडरमा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है.

तीन पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा की प्रथम पाली पूर्वाह्न 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक तथा तृतीय पाली अपराह्न 3:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगी. निषेधाज्ञा 19 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 7:30 बजे से अपराह्न 6:30 बजे तक प्रभावी रहेगी.

100 मीटर दायरे में रहेगा प्रतिबंध

निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्र की सीमा से 100 मीटर के अंदर पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के अनावश्यक रूप से जमा होने अथवा मजमा लगाने पर प्रतिबंध रहेगा. हालांकि, परीक्षार्थियों, परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा.

Also Read: RIMS-2 पर सियासी और जमीनी लड़ाई तेज, लोक भवन के बाहर हजारों रैयतों का प्रदर्शन

इन गतिविधियों पर भी रहेगी रोक

इस अवधि में बैठक करने, लाउडस्पीकर बजाने, माइक का प्रयोग करने, तेज हथियार, लाठी अथवा अन्य घातक सामग्री लेकर चलने पर भी रोक रहेगी. इसके अतिरिक्त परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की गोपनीयता भंग करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास होटल, पान दुकान, चाय दुकान एवं अन्य दुकानों के समीप भीड़ एकत्रित करने, चिट-पुर्जा तैयार करने अथवा लेन-देन करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों एवं आम नागरिकों से निषेधाज्ञा का अनुपालन करते हुए परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन में सहयोग करने की अपील की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *