Chakradharpur: कराईकेला स्थित मौसीबाड़ी गुण्डीचा मंदिर, पुरानाडीह में सोमवार शाम परंपरागत रथ भंगिनी कार्यक्रम श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया. श्री मंदिर से सैकड़ों श्रद्धालुओं और पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता लक्ष्मी की शोभायात्रा मौसीबाड़ी पहुंचाई, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार रथ भंगिनी अनुष्ठान संपन्न हुआ.
विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
परंपरा के अनुसार माता लक्ष्मी के साथ आए श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ का प्रतीकात्मक रूप से भंग किया. इसके बाद मंदिर परिसर में पुजारी जगदीश चंद्र ठाकुर और भरत मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर उनके क्रोध को शांत करने की धार्मिक रस्म निभाई.
भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने माता लक्ष्मी की पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया. पूजा के बाद भजन-कीर्तन और गाजे-बाजे के साथ माता लक्ष्मी को पुनः श्री मंदिर ले जाया गया.
सैकड़ों श्रद्धालु रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संरक्षक प्रशांत साहू, विवेक उर्फ बिटू मिश्रा, लोकनाथ सारंगी, गिरधारी मंडल, ललित नारायण ठाकुर, राजकिशोर नायक, बाबानाथ सारंगी सहित जगन्नाथ पूजा कमेटी 64 मौजा के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे.
