Ranchi: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने रविवार को मांडू विधानसभा और चतरा जिला में आयोजित BLA-2 कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया. सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं. इसलिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता हर घर तक पार्टी की बात पहुंचाएंगे और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े होंगे, तभी जनता का विश्वास और मजबूत होगा.
यह भी पढ़ें: Exclusive: नदियों और झरनों से बिजली बनाएगा झारखंड, 16 स्थानों पर छोटे-मिनी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट लगाने की तैयारी
सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और हर बूथ पर संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, सम्मान, अधिकार और विकास के लिए लगातार संघर्ष करना है. सुदेश महतो ने कहा कि BLA-2 कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं. उनकी मेहनत और जनता से सीधा जुड़ाव ही पार्टी को आगे बढ़ाएगा. उन्होंने आने वाले दिनों में बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज करने का भी आह्वान किया. सम्मेलन में मांडू के विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो) भी मौजूद रहे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की.
