Bokaro: सेक्टर-3 स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में सोमवार से श्यामा प्रसाद मुखर्जी शूटिंग रेंज की शुरुआत हुई. भारत सरकार की पहल के तहत स्थापित इस शूटिंग रेंज में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा. यहां इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं.
कॉमनवेल्थ और ओलंपिक पर फोकस
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है. चयनित खिलाड़ी राज्य, ईस्ट जोन और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविरों और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है. यह पहल 2028 कॉमनवेल्थ खेलों और 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर शुरू की गई है.
खेल कोटा का भी मिलेगा लाभ
प्रशिक्षण पूरा करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी नौकरियों में खेल कोटा का लाभ मिल सकेगा.
15-20 खिलाड़ियों ने लिया पहला प्रशिक्षण
पहले दिन 15 से 20 खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया. नियमित प्रशिक्षण मंगलवार से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जबकि रविवार को सुबह 9 बजे अभ्यास कराया जाएगा. खिलाड़ियों ने बताया कि राइफल शूटिंग से एकाग्रता और मानसिक संतुलन बेहतर होता है, जिससे पढ़ाई और अन्य क्षेत्रों में भी लाभ मिलता है.
