Giridih: पचंबा थाना क्षेत्र के पथला नावाडीह के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. मृतक की पहचान डांडीडीह निवासी 35 वर्षीय सुनील पासवान के रूप में हुई है. वहीं, घायल पत्नी बेजेंती देवी (30 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है.
इलाज कर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुनील पासवान अपनी पत्नी बेजेंती देवी के साथ बाइक से जमुआ स्थित एक चिकित्सक के पास इलाज कराने गए थे. इलाज के बाद दोनों बाइक से अपने घर डांडीडीह लौट रहे थे. इसी दौरान पथला नावाडीह के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई.हादसा इतना जोरदार था कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ देर तक वहीं पड़े रहे.
डॉक्टर नेहा कुमारी ने दिखाई तत्परता
इसी दौरान कैंप ड्यूटी समाप्त कर एंबुलेंस से लौट रहीं डॉक्टर नेहा कुमारी की नजर सड़क किनारे घायल पड़े दंपति पर पड़ी. उन्होंने तुरंत एंबुलेंस रुकवाई और एंबुलेंस कर्मियों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया.डॉक्टर नेहा कुमारी की सूझबूझ और एंबुलेंस टीम की सक्रियता से घायल बेजेंती देवी को समय पर इलाज मिल सका.
सदर अस्पताल में पति की मौत, पत्नी रेफर
सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सुनील पासवान की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, बेजेंती देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
परिवार में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. सुनील पासवान की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने से दुर्घटना की बात सामने आ रही है.
डॉक्टर और एंबुलेंस टीम की हो रही सराहना
इस हादसे के बीच डॉक्टर नेहा कुमारी और एंबुलेंस टीम की तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है. समय पर मदद मिलने से घायल महिला को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी.
ALSO READ: कोडरमा: जामु-हरलाडीह जंगल में हाथियों का झुंड, वन विभाग ने ग्रामीणों को जारी की चेतावनी
